स्कॉर्पियो सहित फर्जी दस्तावेज जब्त
धमतरी। खुद को CID अधिकारी बताकर लोगों पर रौब झाडने और अवैध लाभ लेने वाले एक युवक को धमतरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से फर्जी आईडी कार्ड, संगठन का बोर्ड, मोबाइल फोन और स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया गया है। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 21 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आमातालाब रोड स्थित श्रद्धा वेल्डिंग दुकान के पास एक व्यक्ति अपनी स्कॉर्पियो में नेशनल क्राइम कंट्रोल ऑर्गनाइजेशन का बोर्ड लगाकर खड़ा है और खुद को ब्प्क् अधिकारी बताकर लोगों को प्रभावित कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम टिकेश्वर नरेटी (28 वर्ष), निवासी डांगरा, जिला कांकेर बताया। उसके पास से दो फर्जी आईडी कार्ड बरामद किए गए, जिनमें क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट और क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिटेक्टिव लिखा हुआ था। आरोपी इन कार्डों के जरिए खुद को अधिकारी बताकर लोगों पर धौंस जमाता था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी इन फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल टोल टैक्स से बचने और अन्य जगहों पर प्रभाव जमाने के लिए करता था। उसके पास से स्कॉर्पियो वाहन (CG 05 AU 6136), दो मोबाइल फोन और फर्जी पहचान से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 204, 205 और 336(3) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आगे की जांच जारी है। धमतरी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति खुद को अधिकारी बताकर संदिग्ध गतिविधि करता है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।





