Download Our App

UDYAM-CG-10-0006700

अवैध बॉक्साइट खनन के विवाद में खूनी संघर्ष 62 वर्षीय ग्रामीण की मौत, दो घायल, एसडीएम सहित चार पर हत्या का मामला दर्ज

बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले के थाना कोरंधा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हंसपुर में अवैध बॉक्साइट खनन को लेकर उपजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कथित मारपीट की घटना में 62 वर्षीय ग्रामीण राम उर्फ रामनरेश की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई, जबकि दो अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में एसडीएम करूण डहरिया सहित चार लोगों के विरुद्ध हत्या एवं अन्य धाराओं में अपराध दर्ज कर विस्तृत विवेचना प्रारंभ कर दी है।

क्या है पूरा मामला?
थाना कोरंधा में दर्ज मर्ग क्रमांक 02/2026 के अनुसार घटना 15 फरवरी 2026 की रात लगभग 9 बजे की बताई जा रही है। ग्राम हंसपुर निवासी राम उर्फ रामनरेश (पिता रेगहा, उम्र 62 वर्ष) पर आरोप है कि उन्हें अवैध बॉक्साइट खनन एवं परिवहन कराने के आरोप में कुछ लोगों द्वारा घेर लिया गया। आरोप है कि इस दौरान लकड़ी के डंडों, हाथ-मुक्कों और लात से उनकी बेरहमी से पिटाई की गई। घटना में बीच-बचाव करने पहुंचे अजीत राम (60 वर्ष) एवं आकाश अगरिया (20 वर्ष) को भी मारपीट में चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद अचानक बढ़ा और देखते ही देखते स्थिति हिंसक हो गई।

अस्पताल ले जाने में देरी, आधी रात को मौत
गंभीर रूप से घायल रामनरेश को रात करीब 10.50 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी लाया गया। ड्यूटी पर मौजूद मेडिकल ऑफिसर डॉ. सोहनलाल द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया। हालांकि परिजन उन्हें आगे इलाज के लिए नहीं ले जा सके। 16 फरवरी 2026 की रात लगभग 12.14 बजे अस्पताल में ही उनकी मृत्यु हो गई। मृत्यु की सूचना अस्पताल प्रबंधन द्वारा थाना कुसमी को दी गई, जिसके बाद मर्ग इंटीमेशन दर्ज कर शव पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। बाद में प्रकरण थाना कोरंधा को प्रेषित किया गया, जहां विस्तृत जांच प्रारंभ की गई।

किन-किन पर दर्ज हुआ मामला?
पुलिस जांच में चश्मदीद साक्षियों राजेन्द्र पैकरा, देवचंद पैकरा सहित परिजनों एवं घायलों के बयान, घटनास्थल निरीक्षण तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर निम्न आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
एस.डी.एम. करूण डहरिया
विक्की सिंह उर्फ अजय प्रताप सिंह
मंजीत कुमार यादव
सुदीप यादव
इनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (क्चहृस्) की धारा 103(1) (हत्या), 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) एवं 3(5) (सामूहिक आपराधिक कृत्य) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
अवैध खनन को लेकर पहले भी रहे हैं विवाद
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से बॉक्साइट खनन को लेकर तनाव की स्थिति बनी रहती है। अवैध उत्खनन एवं परिवहन को लेकर समय-समय पर विवाद सामने आते रहे हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक बयान अभी तक जारी नहीं किया गया है।

पुलिस का क्या कहना है?
थाना कोरंधा पुलिस के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण गंभीर चोट बताया गया है। पुलिस ने कहा है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

क्षेत्र में तनाव, पुलिस तैनात
घटना के बाद ग्राम हंसपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। यह मामला अब जिले में चर्चा का विषय बन गया है, विशेषकर इसलिए क्योंकि आरोपियों में एक प्रशासनिक पदाधिकारी का नाम भी शामिल है। आने वाले दिनों में पुलिस विवेचना और कानूनी कार्रवाई की दिशा इस पूरे प्रकरण की सच्चाई को स्पष्ट करेगी।

Leave a Comment

READ MORE

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!