कोरबा। वनमंडल कोरबा के पसरखेत रेंज अंतर्गत केराकछार के जंगल में लगभग एक सप्ताह तक विचरण करने के बाद 15 हाथियों का दल बीती रात रेंज के मदनपुर क्षेत्र में पहुंच गया है। हाथियों ने यहां पहुंचते ही उत्पात मचाया और पांच ग्रामीणों के खेतों व बाड़ी में घुसकर वहां लगे धान के रबी फसल तथा सब्जी-भाजी को तहस-नहस कर दिया। जिससे संबंधितों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
हाथियों के क्षेत्र में आने तथा उत्पात मचाए जाने की जानकारी ग्रामीणों को आज सुबह तब लगी जब वे अपनी बाड़ी तथा खेतों में पहुंचे तो वहां लगे फसल को तहस-नहस पाया। इसकी तत्काल सूचना वन विभाग को दी गई, जिस पर उसके अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचकर हाथियों द्वारा किए गए नुकसानी के आंकलन में जुट गए हैं। मदनपुर व आसपास के गांव में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क करने का अभियान शुरू कर दिया गया है। उधर कुदमुरा रेंज के कलमीटिकरा में विचरण कर रहे दो दंतैल हाथियों ने भी बाड़ी में घुसकर नुकसान पहुंचाया है।