रायपुर। भारत माला परियोजना मुआवजा घोटाला मामले में लंबे समय से फरार चल रहे तत्कालीन एसडीएम निर्भय कुमार साहू को एसीबी-ईओडब्ल्यू ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई एसीबी-ईओडब्ल्यू में दर्ज अपराध के तहत की गई है। आरोपी को विशेष न्यायालय रायपुर में पेश किया गया, जहां से उसे 17 मार्च से 30 मार्च 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया। बता दें कि रायपुर-विशाखापट्नम और दुर्ग बायपास भारतमाला परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अनियमितता का मामला सामने आया था। मामले की जांच में आरोपी निर्भय कुमार साहू ने अनुविभागीय अधिकारी एवं सक्षम प्राधिकारी, भू-अर्जन अभनपुर, जिला रायपुर के पद का दुरुपयोग करते हुए अधीनस्थ पटवारी, राजस्व निरीक्षक और जमीन कारोबारियों के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचने का मामला सामने आया था। षड्यंत्र के तहत अभनपुर तहसील के ग्राम नायकबांधा, उगेतरा, उरला, भेलवाडीह और टोकरो की जमीनों को बैक डेट में छोटे-छोटे हिस्सों में विभाजित कर दिया गया। इसके बाद वास्तविक मुआवजे से कई गुना अधिक राशि का भुगतान किया गया। इतना ही नहीं, नायकबांधा जलाशय की पहले से अधिग्रहित भूमि को भी भारतमाला परियोजना के नाम पर दोबारा अधिग्रहित दिखाकर मुआवजा दिया गया, जिससे शासन को करोड़ों रुपये की आर्थिक क्षति पहुंची। मामले में निर्भय कुमार साहू लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। साथ ही आरोपी ने उच्चतम न्यायालय में जमानत याचिका दायर की थी, जिसे खारिज कर दिया गया था।
Author: Lok Varta24 News
Post Views: 154





