रायपुर| राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित Graduate Aptitude Test in Engineering (GATE) परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल कराने की साजिश का पर्दाफाश करते हुए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई थाना डीडी नगर और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने की।

पुलिस को सूचना मिली थी कि परीक्षा के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए परीक्षार्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने की तैयारी है। डीसीपी पश्चिम संदीप पटेल और डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में टीम गठित कर परीक्षा केंद्र आयन डिजिटल जोन, सरोना के आसपास गोपनीय निगरानी रखी गई। जांच के दौरान कुछ संदिग्ध युवक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ पकड़े गए। पूछताछ में खुलासा हुआ कि परीक्षा केंद्र के भीतर बैठे अभ्यर्थियों को सूक्ष्म ब्लूटूथ ईयर डिवाइस दिए गए थे। अंदर से प्रश्न पढ़े जाते, बाहर बैठा साथी गूगल सर्च कर उत्तर तैयार करता और ब्लूटूथ के जरिए जवाब पहुंचाता। इसके एवज में मोटी रकम वसूली जा रही थी। तलाशी में 3 सूक्ष्म ब्लूटूथ ईयर डिवाइस, 4 अन्य ब्लूटूथ डिवाइस, 8 मोबाइल फोन, 3 सिम कार्ड सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नकल से जुड़ी सामग्री बरामद की गई। थाना डीडी नगर में अपराध क्रमांक 112/2026 के तहत धारा 318(2), 61(2) बीएनएस, 66 आईटी एक्ट व लोक परीक्षा अनुचित साधन निवारण अधिनियम की धारा 10(1) के तहत मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों में दर्शन सहवाग, सुमित सहवाग, लक्ष्मीनारायण उर्फ लक्की, अमर, नरेंद्र कुमार और बंटी कुमार शामिल हैं, जो हरियाणा के विभिन्न जिलों के निवासी हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विवेचना जारी है और इस हाईटेक नकल रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।





