कोरबा। शुक्रवार की बीती रात मानिकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दादरखुर्द मार्ग स्थित एक सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार मकान एसईसीएल कर्मी नवनीत नाथ का है जो एसईसीएल कालोनी में रहते है उनके मकान पर राजू मोदी का परिवार किराए पर रहता है। राजू मोदी एसबीआई बैंक में चीफ मैनेजर के पद पर पदस्थ है जो शुक्रवार को अपने परिवार के साथ रायपुर जमीन लेने के बाद रजिस्ट्री कराने गये हुए थे। राजू मोदी ने बताया कि शुक्रवार की सुबह परिवार के साथ सभी रायपुर गए हुए थे। रात लगभग 1 बजे वापस लौटने के बाद घर पहुंचे तो घर पर ताला लगा हुआ था। ताला खोलकर अंदर घुसे तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ था। उन्हें यह देखकर अनिष्ट की आशंका हुई। बैडरूम के अंदर घुसे तो खिड़की के राड टूटा हुआ था। इसकी सूचना तत्काल 112 और मानिकपुर चैकी पुलिस को दी गई। चैकी प्रभारी परमेश्वर राठौर टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। राजू मोदी ने बताया कि चोर घर पर रखे 20 हजार नगदी और लैपटॉप के अलावा कई महंगे सामान नही लेकर गए। आलमारी तोड़कर चोरों ने पांच लाख के जेवरात पार कर दिए। इन सामानों में चार सोने के चैन, लाकेट, अंगूठी और टॉप थे। मानिकपुर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया है। आसपास के कुछ संदिग्धों पर निगरानी बढ़ाई गई है। कई स्तर पर प्रकरण में जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने इस मामले को सुलझाने के लिए डॉग स्क्वाड और फोरेंसिक एक्सपर्ट की भी मदद ली। डॉग स्क्वाड प्रभारी सुनील गुप्ता ने बताया कि बाघा ने सेंट लेकर लगभग 1 किलोमीटर दूर पोड़ीबहार मैदान तक पहुंचा। यहां पर उसने कुछ खास सुराग दिए हैं। इस आधार पर पुलिस संदिग्ध तत्वों को जद में लेकर पूछताछ करेगी। स्नैफर डॉग बाघा से मिले क्लू के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की है। मानिकपुर पुलिस चैकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि घटना स्थल और पोड़ीबहार क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है।





